महिला अस्पताल में बंदरों का उत्पात, चिकित्सक को काटा
हापुड़। कोठीगेट स्थित महिला अस्पताल में बंदरों के उत्पात से मरीजों में दहशत है। एक चिकित्सक को भी काटकर बंदरों ने घायल कर दिया। जबकि कई मरीजों के हाथ से दवा, गोली के थैले छीनकर पेड़ पर चढ़ गए। अस्पताल में टीकाकरण आदि के लिए पहुुंचने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। पालिका के अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे।
कोठीगेट महिला अस्पताल को टीकाकरण का बड़ा केंद्र बनाया गया है। इसके लिए यहां रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे उपचार के लिए पहुंचते हैं। इस अस्पताल में बंदरों का आतंक इस कदर हावी है कि इन्हें देखते ही मरीज भागने लगते हैं। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. कपिल त्यागी के पीछे भी बंदर दौड़ पड़े, जब तक वह अपना बचाव करते तब तक बंदरों ने उनके पैर में काट लिया।
बंदरों का उत्पात इसके बाद भी जारी रहा। अस्पताल में जो भी मरीज पहुंच रहे थे, उनके हाथों से थैले आदि छीनकर पेड़ पर चढ़ गए। इससे मरीजों में भगदड़ मच गई। इस तरह का नजारा अस्पताल में रोजाना देखने को मिलता है।
आलम यह है कि यहां आए दिन अधिकारियों का निरीक्षण होता है, नगर पालिका से भी चंद कदमों की दूरी पर यह अस्पताल बना है। फिर भी यहां से बंदरों को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया जाता। बंदरों के आतंक से मरीजों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मरीजों को बंदरों के आतंक से मिलेगी निजात
अस्पताल में बंदरों के आतंक से मरीजों को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। संबंधित विभाग को निर्देशित कर यहां से बंदरों को पकड़वाया जाएगा।--सत्यप्रकाश, एसडीएम।