जोगीपुरा-दादरी गांव में तेंदुआ दिखने से दहशत
हापुड़। देहात क्षेत्र के दो गांवों जोगीपुरा और दादरी में सोमवार शाम तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। दोनों गांव के सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तेंदुए की तलाश में जुट गए। ग्रामीणों का दावा है कि कुछ स्थानों पर तेंदुए के पंजों के निशान मिले हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग के अफसरों को सूचना दी है, लेकिन वन विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों द्वारा गांव में एनाउंसमेंट करने के साथ तेंदुए की तलाश की जा रही थी।
सोमवार शाम गांव जोगीपुरा निवासी शहजाद गांव के बाहर बने पंचायत घर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में पेठा भर रहा था। इसी दौरान तीन मजदूर पंचायत घर पर रंगाई का काम भी कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार एक तेंदुआ खेतों से निकलकर सड़क से होता हुआ दूसरे खेतों में जा घुसा। तेंदुए को देखकर ग्रामीण दहशत में आकर पंचायत घर की छत पर चढ़ गए और शोर मचा दिया। इसके बाद गांव जोगीपुरा और दादरी के लोगों ने अपने-अपने गांवों में एलान कर दिया। दोनों गांवों के करीब 100-150 ग्रामीण हाथों में लाठी-डंडे लेकर जंगलों में कॉबिंग कर रहे हैं। जोगीपुरा के प्रधान उमेश कश्यप, फुरकान, नाजिम आदि ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें जंगलों में तेंदुए के पंजे के जैसे निशान मिले हैं। ग्रामीण देर शाम तक जंगलों में तेंदुए की तलाश में जुटे थे। हालांकि तेंदुआ जंगलों में गुम हो गया। इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया। लेकिन शाम तक मौके पर कोई अधिकारी कर्मचारी नहीं पहुंचा।
जोगीपुरा के ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है। जिसके बाद टीम को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं, जांच के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।-राजेश निगम, डीएफओ, हापुड़।