बनखंडा में फंदे से लटक युवक ने दी जान
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बनखंडा में युवक का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। सुबह शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव के पास से एक डायरी में सुसाइड नोट मिला जिसमें युवक ने परिजनों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की बात कही है। पुलिस युवक की हैंड राइटिंग की जांच कर रही है।
गांव बनखंडा निवासी सचिन (25) पुत्र ननुवा फिलहाल बेरोजगार था और करीब डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी मेरठ के परतापुर से हुई थी। शुक्रवार रात वह घर के बरामदे में सो रहा था। जबकि पत्नी कमरे में सो रही थी। शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे पत्नी कमरे से बाहर निकली तो सचिन बरामदे में छत के कुंदे से लटक रहा था, जिसे देखकर पत्नी ने शोर मचाया तो परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। युवक के पास से एक डायरी में सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखा है कि वह अपने पिता, मां और छोटे भाई के उत्पीड़न से परेशान था। कुछ दिन पहले उसके पिता से विवाद के बाद मामला थाने भी पहुंचा था। जिसमें दोनों के खिलाफ शांतिभंग में भी कार्रवाई की गई थी। मृतक पर कुछ लोगों का कर्ज भी था। जिसे लेकर वह परेशान था।
सीओ सिटी वैभव पांडेय ने बताया कि युवक के शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें परिजनों द्वारा परेशान करने का आरोप है। पुलिस हैंडराइटिंग आदि का मिलान करने के साथ मामले की जांच कर रही है।