जिले में सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं
हापुड़। कोरोना काल की दुश्वारियों के बीच जनपदवासियों के लिए अच्छी खबर है। जिला प्रशासन ने इस बार भी सर्किल रेट न बढ़ाने पर विचार कर रही है। वैश्विक महामारी कोरोना-19 को देखते हुए जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों, बार एसोसिएशन, दस्तावेज लेखक संघ आदि के अनुरोध के बाद सर्किल रेट न बढ़ाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। हालांकि इस पर डीएम अंतिम निर्णय लेंगे।
जनपद में जमीन के सर्किल रेट हर वर्ष एक अगस्त से बढ़ाए जाते रहे हैं। पिछले वर्ष कोरोना की पहली लहर के बाद इन जिले में रेटों को नहीं बढ़ाया गया था। इस वर्ष भी रेट बढ़ाए जाने की चर्चा कई दिनों से चल रही थी। अधिकारियों ने भी सर्किल रेटों को लेकर मंथन शुरू किया था, जिसमें नई कॉलोनी, मुख्य मार्गों पर फ्रंट में व्यावसायिक और आवासीय भूमि, बहुमंजिला भवनों में भूतल, प्रथम तल, द्वितीय तल, कृषि भूमि, व्यवसायिक भूमि के सर्किल रेटों को लेकर चर्चा की गई थी। जिसके बाद एडीएम की ओर से सर्किल रेट न बढ़ाये जाने का प्रस्ताव बनाया है। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय डीएम लेंगे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व जयनाथ यादव ने बताया कि सर्किल रेट को लेकर चर्चा हुई। फिलहाल सर्किल रेट बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। डीएम की अंतिम मुहर के बाद एक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू कर दिए जाएंगे।