जिले में निकला बसपा का विजय रथ, जिलाध्यक्ष बोले नहीं जानकारी
हापुड़। कांशीराम विचार यात्रा (बसपा का विजय रथ) का हापुड़ आगमन पर कुछ बसपाइयों ने स्वागत किया। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने मेरठ तिराहा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहर से गुजरी और मेरठ के लिए रवाना हो गई। हालांकि बसपा के जिलाध्यक्ष ने बसपा की किसी रैली के शहर से गुजरने की जानकारी से इंकार किया।
बसपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व नेशनल कोर्डिनेटर जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में कांशीराम विचार यात्रा मायावती के पैतृक गांव बादलपुर से शुरू हुई। प्रदेश में पांचवीं बार बसपा की सरकार स्थापित करने के संकल्प के साथ यह यात्रा मंगलवार को हापुड़ पहुंची। जहां बसपा के वरिष्ठ नेता पारितोष अग्रवाल के नेतृत्व में बसपाइयों ने निजामपुर बाईपास पर विजय रथ का स्वागत किया। जिले में निजामपुर से शुरू होकर अच्छेजा, रामलीला मैदान, चमरी, बैंक कॉलोनी, मोदी नगर रोड़, आदर्श नगर कॉलोनी, फ्री गंज रोड़, रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड़, अतरपुरा चौपला, गढ़ चुंगी, मिनाक्षी रोड़, कोटला सादात, तगा सराय, सिकंदर गेट से होते हुए गढ़ रोड़ पर आंबेडकर नगर पर समापन हुआ। इस दौरान विजय रथ का युवा कार्यकर्ताओं ने हापुड़ में विभिन्न स्थानों पर फूल बरसाकर रथ का स्वागत करते हुए समर्थन दिया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे जयप्रकाश सिंह आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा के समर्थन में वोट कर प्रदेश में बसपा की बहुमत की सरकार बनाएंगे।
यात्रा में जिला प्रभारी मुकेश आजाद, अरुण बंसल, अमित राजपाल जाटव, अभिषेक वर्मा, दिलीप, सतीश गौतम, मोनू कुमार, अनुराग, देवेंद्र जाटव, अमित पंत, भारत गौतम, सुनील, अमित जाटव आदि सहित सैकड़ों युवा शामिल रहे।
उधर, जिलाध्यक्ष देवेंद्र भारती ने इस यात्रा की जानकारी न होने की बात कहते हुए पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने कहा कि बसपा का ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है।