बिजली ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के सात गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली पुलिस ने चेकिंग के दौरान ट्रांसफार्मरों से चोरी करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद हुआ है। चोर गिरोह की धरपकड़ के लिए सर्विलांस टीम की भी मदद ली गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
सिंभावली थाना प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि सोमवार की रात पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर गांव फरीदपुर के निकट मिनी ट्रक को रुकवा लिया। जिसके बाद चालक व ट्रक में सवार अन्य छह लोगों की तलाशी ली गई। तो उनके पास से छह चाकू बरामद हुए। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया और ट्रक में भरे सामान के बारे में पूछताछ की गई। लेकिन आरोपी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। मिनी ट्रक में तीन बिजली की मोटर, दो आर्मेचर, एक टयूबवैल का वाल, 15 किलो तांबे का तार, 10 लीटर ट्रांसफार्मर का तेल समेत अन्य सामान बरामद हुआ। जिसके बाद मिनी ट्रक व सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस टीम थाने ले आई।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि सभी सामान को कब्जे में लेते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।
क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से चोरी की वारदात कबूली
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन लोगों ने क्षेत्र के गांव ढाना, देवली समेत अन्य स्थानों से ट्रांसफार्मरों से सामान व नलकूपों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम परवेज, शाहरुख निवासी अजराडा थाना मुंडाली जनपद मेरठ, आदिल निवासी मोहल्ला गढ़ी कस्बा पिलखुआ, नसीम व नदीम निवासी गांव अतरौली थाना भोजपुर जनपद गाजियाबाद, जहांगीर निवासी मोहल्ला सद्दीकपुरा पिलखुआ, वसीम निवासी गांव खेड़ा थाना पिलखुवा बताए हैं। चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने सर्विलांस टीम का भी सहारा लिया। जिसमें प्रदीप और विष्णु द्वारा संदिग्ध नंबर उपलब्ध कराए गए। जिनकी छानबीन ने भी चोर गिरोह को पकड़ने में मदद की।