बैनामा लेखक ने ई-स्टांप के नाम पर सगे भाइयों से की 6.62 लाख की ठगी
हापुड़। एक बैनामा लेखक ने ई-स्टांप के नाम पर दो सगे भाइयों से करीब 6.62 लाख रुपये हड़प लिए। भाइयों ने जब शिकायत की और रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस में शिकायत करने पर भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ितों ने एसपी से गुहार लगाी। एसपी के आदेश पर पुलिस ने बैनामा लेखक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
श्रीनगर निवासी विकास गुप्ता ने बताया उसका भाई मुकेश अग्रवाल हैदराबाद में परिवार के साथ रहता है। उसकी पत्नी व भाई को हापुड़ में एक संपत्ति का बैनामा कराना था। इस संबंध में उसने साकेत कालोनी निवासी बैनामा लेखक राकेश गुप्ता से संपर्क किया था। ई-स्टांप खरीदने के लिए उसने और उसके भाई ने बैनामा लेखक को 6.62 लाख रुपये बैंक में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए। लेकिन रुपये देने के बाद आरोपी उन्हें बहकाता रहा और स्टांप नहीं दिए।
इसके बाद दोनों भाइयों ने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए। पहले तो आरोपी रुपये वापस देने के नाम पर उन्हें बहकाता रहा। आरोप है कि सख्ती करने पर बैनामा लेखक ने रुपये लौटाने से इंकार कर दिया और पीड़ित व उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में कार्रवाई के लिए पिछले कुछ दिन से पीड़ित कोतवाली के चक्कर लगा रहा था। लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। शनिवार को इस मामले में पीड़ित ने एसपी से मामले की शिकायत की। जिसक बाद एसपी ने कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के आदेश दिए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि बैनामा लेखक राकेश गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई।