बिजलीघर के बाद प्रदर्शन करते गुस्साए लोग।
- फोटो : PILAKHWA
शटडाउन लेकर लाइन ठीक कर रहा संविदाकर्मी करंट से झुलसा
पिलखुवा। शटडाउन लेकर बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन सही करने के दौरान तारों में करंट दौड़ गई, जिससे लाइनमैन बुरी तरह से झुलस गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शाहपुर फगौता बिजली घर पर जमकर हंगामा काटा और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली घर पर करीब एक घंटा के लिए ताला जड़ दिया। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया।
बृहस्पतिवार को शाहपुर फगौता बिजली घर पर भटियाना कृषि फीडर की लाइन खराब होने की सूचना ग्रामीणों ने दी। बिजली घर पर तैनात गांव आलमपुर निवासी संविदाकर्मी लाइनमैन कपिल अपने अन्य साथियों के साथ खराब लाइन को सही करने के लिए शटडाउन लेकर गया। बताया जाता है कि उक्त लाइन को सही करने के बाद मिलक कृषि फीडर की लाइन खराब होने की सूचना कपिल को मिली। जिसपर कपिल साथियों के साथ उक्त लाइन को सही करने के लिए वहां पर पहुंच बिजली के पोल पर चढ़ गया, इस दौरान लाइन में करंट आ गई। जिसके बाद कपिल झुलसकर पोल के नीचे नीचे पड़ी ईटों पर गिर पड़ा। कपिल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया है। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली घर पर जमकर हंगामा किया और गेट पर ताला लगा दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और बिजली विभाग के अवर अभियंता संतराम सिंह ने ग्रामीणों को समझाबुझा मामला शांत करा ताले को खुलवाया।
--
एसडीओ धौलाना सुभाष यादव का कहना है कि लाइनमैन भटियाना फीडर का शटडाउन लेकर गया था, मिलक कृषि फीडर का लाइनमैन द्वारा शटडाउन नहीं लिया था। लाइनमैन को दोनों फीडरों का एक ही शटडाउन होने की जानकारी थी। जबकि दोनों फीडरों की अलग-अलग बिजली लाइन हैं।