शिवभक्तों के लिए शुरू हुई दवा वितरण वैन
हापुड़। हापुड़ कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल वैन का शुभारंभ औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद ने किया।
उन्होंने कहा कि कैमिस्टों की इस कवायद से शिवभक्तों को राहत मिल सकेगी। क्योंकि हरिद्वार, गौमुख से लाखों की संख्या में शिवभक्त पवित्र गंगा जल लेकर आते हैं। रास्ते में उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां आती हैं। दवा वितरण वैन की सुविधा से ऐसे शिवभक्तों को राहत मिलेगी। उन्होंने सड़क किनारे खुले मेडिकल स्टोर संचालकों को दवा का पूरा स्टॉक रखने के निर्देश दिए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि हर साल शिवभक्तों की सेवा में यह सेवा शुरू की जाती है। शिवभक्तों की सेवा से सुख की अनुभूति होती है। भाजपा के जिलाध्यक्ष विकास अग्रवाल भी शुभारंभ अवसर पर मौजूद रहे।
इस मौके पर सीएल शर्मा, राकेश गुप्ता, ब्रजभूषण अग्रवाल, डा.केपी सिंह, नीरज गोयल, गौरव गर्ग, योगेश शर्मा, अमित डंग, धीरज शर्मा आदि मौजूद रहे।