बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हे और जीजा से की लूटपाट
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में बारात लेकर जा रहे दूल्हे और उसके जीजा की कार रोक कर सात बदमाशों ने सोने की चैन, नोटों की माला समेत अन्य सामान लूट लिया। वहीं लाठी-डंडों से हमला कर कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। घटना के बाद धमकी देते हुए बदमाश भाग निकले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन मोड़ निवासी विनोद के बेटे रोहित की शादी सिंभावली क्षेत्र के गांव लिसड़ी निवासी एक युवती के साथ तय हुई थी। शुक्रवार को बारातियों के साथ रोहित धूमधाम से शादी करने लिसड़ी के लिए निकला। रोहित ने बताया कि उसकी कार में जीजा जोगेंद्र निवासी महलवाला थाना किठौर जनपद मेरठ और कार चालक अंकुश निवासी आदर्शनगर मौजूद थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कार सिंभावली क्षेत्र में ढाना रजवाहे के पुल पर पहुंची, तो दो बाइकों पर सवार सात युवकों ने कार रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। जिससे गुस्साए बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसकी कार का शीशा तोड़ दिया और कार जबरन रुकवा ली। जिसके बाद आतंकित करते हुए उसके गले से सोने की चैन, नोटों की माला समेत अन्य सामान लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी और उसके जीजा की पिटाई भी की। वहीं गांव में बारात लाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है। सिंभावली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद