बाल कल्याण समिति ने रुकवाई नाबालिग की शादी
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ कस्बे में परिजन अपने बेटी की शादी एक 40 वर्षीय व्यक्ति से कराने के तैयारी में थे, जिसकी सूचना बाल कल्याण समिति को मिली। समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की और किशोरी को अभिरक्षा में ले लिया है। इसके अलावा बाल कल्याण समिति मामले की जांच में जुट गई है। वहीं सिंभावली क्षेत्र में भी पुलिस ने एक किशोरी की शादी रुकवा दी है।
केस -1
जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अभिषेक त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार को चाइल्ड हेल्प लाइन पर गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव बहादुरगढ़ की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसमें एक नाबालिग बच्ची की शादी 40 वर्षीय व्यक्ति के साथ होने का मामला सामने आया था। सूचना मिलते ही जिला बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी बाबूराम गिरि, संरक्षण अधिकारी अमित कुमार और हूमा चौधरी ने जांच की तो मामला सही निकला। सूचना पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और किशोरी के परिजनों से बात की। जहां पर पता चला कि वह करीब 14 वर्षीय बेटी की शादी 40 वर्ष के व्यक्ति से कर रहे हैं, जबकि बाल विवाह पर पूरी तरह से प्रतिबंध है और गैरकानूनी है। जिसके बाद समिति के पदाधिकारियों ने किशोरी को अभिरक्षा में ले लिया। अभिषेक त्यागी ने बताया कि फिलहाल किशोरी को रेस्कयू सेंटर हापुड़ में रखा जाएगा, जहां किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिससे किशोरी की सही उम्र का भी पता चल सके। इसके अलावा समिति के पदाधिकारी बाल विवाह करने के मामले में जांच कर रहे है, जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं 8 जुलाई को होने वाले बाल विवाह पर रोक लगा दी गई है।
केस- 2
सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को एक किशोरी की शादी के संबंध में पुलिस को शिकायत मिली। शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार टीम के साथ गांव में पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने किशोरी के परिजनों से उसकी उम्र संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। परिजनों के अनुसार लड़की बालिग है और उसकी शादी रिश्तेदारी में ही एक व्यक्ति से की जा रही है। जिसकी पत्नी की आठ माह पूर्व प्रसव के दौरान मृत्यु हो गई थी। सिंभावली पुलिस ने बताया कि किशोरी के परिजनों को उसकी उम्र संबंधी दस्तावेज लेकर थाने बुलाया गया है। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद