कैंटर ने कार में मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट पलवाड़ा मोड़ पर कैंटर ने कार में पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें कार सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस कैंटर चालक की तलाश कर रही है।
जनपद बिजनौर के अफजलगढ़ निवासी सिद्धार्थ कौशिक (35) अपने भाई अजय समेत चार लोगों के साथ शनिवार की रात दिल्ली से अफजलगढ़ लौट रहे थे। देर रात करीब 2 बजे जैसे ही उनकी कार ब्रजघाट क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर पलवाड़ा मोड़ के निकट पहुंची, तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। घटना में सिद्धार्थ कौशिक, अजय कौशिक समेत कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। वहीं कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने सिद्धार्थ कौशिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय कौशिक को गंभीर हालात में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर भाग निकलने में कामयाब हो गया। सीओ पवन कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं गंभीर रूप से घायल को मेरठ के अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। कैंटर को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश की जा रही है।