गांव खिलवाई में शावक के साथ दिखा तेंदुआ
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव झड़ीना के बाद अब गांव खिलवाई के जंगल में तेंदुआ अपने शावक के साथ घूमता दिखाई दिया, जिससे किसानों में दहशत का माहौल है। वहीं सूचना मिलते ही वन विभाग टीम ने पहुंचकर तेंदुए और शावक के पंजों के निशान लिए और जंगल में एक पिंजरा भी लगवाया है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर टीम ने गांव में गश्त भी शुरू कर दी है।
गढ़ क्षेत्र के गांव खिलवाई के किसान कपिल त्यागी ने शुक्रवार को वन विभाग टीम को सूचना दी। जिसने बताया कि जब वह सुबह खेत पर टहलने के लिए जा रहा था, इसी बीच उसके खेत पर ट्यूबवेल के पास एक तेंदुआ और शावक दिखाई दिया, जिसको देख वह भयभीत हो गया और वहां से वापस घर लौट गया। किसान ने गांव में तेंदुए और शावक होने की बात बताई। सूचना मिलते ही मौके पर वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार टीम के साथ पहुंचे और किसानों द्वारा बताए गए स्थान पर तेंदुए के पंजों के निशान देखे। टीम ने पंजे के सैंपल लिए और जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने पंजे के निशान तेंदुए के होने की आशंका जताई, जिसके बाद उन्होंने गांव में एक पिंजरा लगवा दिया और उसमें कुत्ता बंधवा दिया।
गांव झड़ीना में दिख चुका है तेंदुआ
गांव झड़ीना में 25 मार्च को एक ग्रामीण की दो बकरियों को तेंदुए ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। जिसको देख ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया था। इतना ही नहीं कई दिन तक गांव के किसान खेतों पर जाने से घबरा रहे थे। वहीं वन विभाग ने पिंजरा भी लगाया था, लेकिन अभी तक उसमें तेंदुआ नहीं फंस पाया।
तेंदुए को जल्द पकड़े वन विभाग
जंगल में तेंदुए और शावक का होना काफी खतरनाक है, इसलिए वन विभाग टीम को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए, क्योंकि खेतों पर काम के लिए जाने वाले किसानों में डर बना हुआ है। वन विभाग की टीम जल्द से जल्द तेंदुए और शावक को पकड़ ले। - विनय त्यागी
किसानों में दहशत का माहौल
गांव में पिंजरा तो लगवा दिया है, लेकिन खेत पर कामकाज करने वाले किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं कस्बा भी गांव से कोई खास दूरी पर नहीं है। यदि किसी वजह से घनी आबादी के बीच तेंदुआ पहुंचता है तो बड़ा हादसा हो सकता है। - कपिल त्यागी
कोट -
गांव में तेंदुए और शावक को पकडने के लिए पिंजरा लगवा दिया गया है, वहीं शाम होने पर टीम को गश्त पर जाने के लिए निर्देशित किया है। यदि तेंदुआ आसपास के जंगल में ही है, तो जल्द पकड़ में आ जाएगा। - राजेश कुमार, वनक्षेत्राधिकारी
गांव खिलवाई में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाते वन कर्मी।- फोटो : GARH