जेई समेत आठ के वेतन काटने के आदेश
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली ब्लॉक में बुधवार को औचक निरीक्षण में नदारद मिले एक जेई, लिपिक समेत पांच पंचायतों के सहायकों के वेतन काटने के आदेश डीएम ने दिए हैं।
डीएम मेधा रूपम गढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए निरीक्षण करने के लिए निकली थीं। सिंभावली पहुंचने पर वह अचानक सिंभावली ब्लॉक पहुंच गईं, जहां पर उन्होंने ब्लॉक परिसर की सफाई व्यवस्था समेत पेयजल और शौचालयों की स्थिति देखी। वहीं उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर देखा तो, उसमें ब्लॉक जेई एमआई जितेंद्र बंसल और खंड शिक्षा कार्यालय में तैनात कनिष्ठ लिपिक अमित कुमार भी अनुपस्थित पाए गए। इस दौरान डीएम ने दोनों कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश किया। इसके अलावा डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायत फरीदपुर गोसाई के सहायक प्रवेश गिरि, गोहरा की पंचायत सहायक नमिता, निजामपुर राजपुर सहायक ललिता, राजपुर सहायक साबिर तोमर और शरीफपुर पंचायत सहायक शिखा ने बुधवार को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है, जिसको लेकर उनके एक दिन का वेतन काटे जाने का आदेश दिया। जिसके बाद डीएम ने ब्लॉक क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों के बारे में जाना और गांवों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का आदेश दिया।