गंगानगरी का पैराग्लाइडिंग से दीदार कर सकेंगे श्रद्धालु
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट गंगानगरी में श्रद्धालुओं को जल्द ही पैराग्लाइडिंग से गंगा समेत क्षेत्र का दीदार करने का मौका मिलेगा। एक निजी कंपनी द्वारा पैराग्लाइडिंग की व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिससे गंगानगरी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं के लिए एक रोमांचक हब बनकर तैयार होगा।
फ्लाइंग मंकीज कंपनी के प्रबंधक शिव यादव वायु सेना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि कई सालों से गंगानगरी ब्रजघाट में पैराग्लाइंडिग शुरू करने के लिए व्यवस्था करने की प्लानिंग की जा रही थी। लेकिन पूर्व में दो साल कोरोना काल के चलते यह सुुविधा चालू नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि गंगानगरी ब्रजघाट में रोजाना बाहरी जनपदों समेत अन्य राज्यों से हजारों की तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिनके लिए गंगा में बोटिंग की सुविधा तो है, लेकिन अन्य कोई विशेष सुविधा और मनोरंजन के साधन उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वह श्रद्धालुओं के लिए पैराग्लाइडिंग की सुविधा चालू कर रहे हैं। शिव यादव ने बताया कि रक्षा मंत्रालय और भारतीय विमान प्राधिकरण से मंजूरी मिल चुकी है, जिसके लिए कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जिससे हवा में उड़कर श्रद्धालु गंगा, गंगा के घाटों समेत ब्रजघाट और आसपास के क्षेत्र का नजारा ले सकेंगे। इसके साथ ही कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल और पुष्पावती पूठ के दर्शन भी हवा में तैरते हुए कर सकेंगे।
दस किलोमीटर का होगा दायरा
कंपनी के प्रबंधक शिव यादव ने बताया कि पैराग्लाइडिंग का स्टैंड नैनापुर रोड पर एम्यूजमेंट पार्क के पीछे की तरफ बनाया जा रहा है। जहां से शुरूआत होने के बाद करीब 3 हजार फीट ऊंचाई और दस किलोमीटर के दायरे में लोग हवा में उड़ान भर सकेंगे। जिसके लिए उन्हें करीब तीन हजार रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करना होगा।
पैराग्लाइडिंग चालू होने पर बढ़ेगा रोजगार
क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि गंगानगरी के साथ-साथ नैनापुर के गांव और आसपास की जगहों पर जब यात्रियों का आगमन शुरू होगा तो यहां के लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। जिसमें रेस्टोरेंट समेत अन्य खाने पीने की दुकानें खोल सकेंगे, वहीं आने वाले यात्रियों के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले लोगों का काम भी बढ़ेगा।