कार्तिक पूर्णिमा मेला : आस्था के साथ भक्ति और मस्ती का बना संगम
गढ़मुक्तेश्वर। पश्चिमी यूपी के मिनी कुंभ के रूप में प्रख्यात पौराणिक खादर मेले में पांच लाख से भी अधिक भक्तों ने टैंट-तंबू गाढ़कर पड़ाव डाल लिया है, जिससे गंगा का तटीय मैदान रंग बिरंगी छटा बिखेर रही रोशनी से गुलजार हो उठा है। चारों तरफ भक्ति, आस्था के साथ ही मस्ती का संगम बना हुआ है।
पौराणिक खादर मेले में शनिवार की शाम तक पांच लाख से भी अधिक भक्त टैंट तंबू गाढ़कर पड़ाव डाल चुके हैं। जबकि आज होने वाले देवोत्थान एकादशी पर्व के स्नान में भाग लेने को भक्तों के आगमन में लगातार तेजी आ रही है। गढ़ समेत जंगल से होकर मेले को जा रहे सभी संपर्क मार्गों पर भक्तों से भरे वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं पड़ाव डाल चुके परिवार भक्ति और मस्ती का अनूठा संगम कहलाए जाने वाले इस मेले का लुत्फ लेने में जुटे हुए हैं। अस्थाई स्नान घाटों पर गंगा में डुबकी लगाने वालों का तांता लगा हुआ है, जहां करीब 16 किलोमीटर परिधि में बल्बों की रंग-बिरंगी रोशनी गंगा के तटीय मैदानों को गुलजार कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्षा रेखा नागर का कहना है कि गंगा भक्तों से जुड़ीं सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। कच्चे रास्तों की नियमित मरम्मत कराने के साथ ही पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। संवाद