बक्सर में 20 घंटे बाद भी नहीं बदला ट्रांसफार्मर, ग्रामीणोें ने किया प्रदर्शन
गढ़मुक्तेश्वर। बक्सर में 20 घंटे बाद भी फुं का ट्रांसफार्मर न बदले जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को बिजलीघर पर प्रदर्शन किया।
जिन्होंने जल्द ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। जेई के आश्वासन के बाद ग्रामीण वापस लौट गए।
सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर में शुक्रवार की शाम ट्रांसफार्मर फुंक गया था। विद्युत निगम के अधिकारियों को सूचना देने के 20 घंटे बाद भी जब ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीण भड़क गए। बजरंग दल के गौरक्षा प्रमुख सचिन पंडित के नेतृत्व में ग्रामीण हाईवे किनारे स्थित बिजलीघर पर पहुंचे तथा विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि 20 घंटे बीतने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। उमस भरी गर्मी में लोग पानी के लिए भी तरस गए। वहीं इंवर्टर तक बंद हो गए, जिसके चलते लोग परेशान हैं। वहीं ग्रामीणों ने संविदाकर्मी पर भी अवैध वसूली का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदले जाने और संविदाकर्मी को हटाने की मांग की। जेई रविकांत गुप्ता ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने और दूसरे संविदाकर्मी की नियुक्ति का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए । प्रदर्शन करने वालों में दीपक, अमित, मुबारिक, असलम आदि शामिल रहे।
जेई रविकांत गुप्ता का कहना है कि कर्मचारी फुंके हुए केबिल बॉक्स को ठीक करने में लगे थे, इस कारण ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। हुई। ट्रांसफार्मर बदलवाकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। संवाद