फायरिंग के आरोपियों ने न्यायालय में किया सरेंडर
गढ़मुक्तेश्वर। महावीर कॉलोनी में फर्म संचालक के भाई पर फायरिंग कर घायल करने वाले दोनों आरोपियों ने गढ़ न्यायालय में सरेंडर कर दिया। जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र की महावीर कॉलोनी में रविवार की रात दक्ष फूड प्रोडक्ट्स में घुसकर फर्म संचालक प्रदीप और उसके चचेरे भाई खुशयाल के साथ गाली-गलौज करते हुए गोलू निवासी राजीव नगर और सुलेमान उर्फ कालू निवासी दौताई ने पिस्टल से फायरिंग की थी। जिसमें गोली खुशयाल के सिर पर लगने से वह गंभीर घायल हो गया था। जिसे मेरठ के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया था। इस संबंध में प्रदीप ने गोलू और सुलेमान को नामजद कर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। लेकिन बुधवार को दोनों आरोपियों गोलू और सुलेमान ने गढ़ न्यायालय में सरेंडर कर दिया।
इंस्पेक्टर अजय चौधरी ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।