महिला के खाते से 1.40 लाख रुपये निकाले
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के एक गांव में महिला के खाते से एक लाख 40 हजार रुपये की रकम निकाल ली गई। जिसका पता चलने पर पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी निवासी महिला कल्लो ने कोतवाली में तहरीर दी है। बताया कि उसका खाता गांव में ही स्थित सैंट्रल बैंक की शाखा में है। जिसमें उसके एक लाख 40 हजार की धनराशि जमा की हुई थी। पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले वह बैंक से रुपये निकालने के लिए पहुंची। रुपये निकालने के लिए फार्म भरने के बाद वह शाखा में मौजूद कर्मचारी के पास गई, तो कर्मचारी ने चैक कर बताया कि उसके खाते में रुपये नहीं है। कर्मचारी की बात सुनते ही उसके होश उड़ गए। जिसकी जानकारी उसने घर पहुंचकर परिजनों को दी। परिजनों के साथ वापस बैंक शाखा पहुंचकर खाते की स्टेटमेंट निकलवाई गई। महिला का कहना है कि आठ दिसंबर 2020 से लेकर अब तक उसके खाते से 10 बार में 14-14 हजार रुपये निकाले गए हैं। इस तरह उसके खाते से 1 लाख 40 हजार रुपये की रकम निकाल ली गई। महिला का कहना है कि उसने उक्त धनराशि नहीं निकाली है। महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर फर्जीवाड़ा के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बैंक स्टेटमेंट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।