बंद फास्टैग चालू कराने का झांसा देकर युवक के दस हजार निकाले
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव खुडलिया निवासी एक युवक को साइबर ठगों ने बंद फास्टैग चालू कराने का झांसा देकर उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव खुडलिया निवासी विनोद कुमार ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि उसने अपने वाहन पर टोल टैक्स के लिए फास्टैग लगवाया हुआ है। किसी कारण से फास्टैग ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद उसने फास्टैग कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि कस्टमर केयर अधिकारी से बात करने के कुछ समय बाद ही उसके मोबाइल पर तीन अलग-अलग नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसका फास्टैग चालू कराने की बात कही। वह आरोपी के झांसे में आ गया। जिसके बाद उसने आरोपी को फास्टैग नंबर और अपने बैंक खाते से जुड़ी जानकारी दी। जिसके बाद उसके बैंक खाते से साइबर ठगों ने 10 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। जिसका मेसेज मोबाइल पर आया। जिसके बाद उसने तीनों नंबरों पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद मिले। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीनों मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगवाकर मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।