गढ़ सब रजिस्ट्रार कार्यालय में तालाबंदी करते अधिवक्ता.
- फोटो : GARH
पुलिस कार्रवाई से नाराज वकीलों ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में की तालाबंदी
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ सब रजिस्ट्रार कार्यालय में अपने हिस्से की दुकान का बैनामा कराने पहुंची विधवा और उसके ससुराल पक्ष के लोगों के बीच तहसील परिसर में मारपीट हो गई। महिला को शांति भंग में निरुद्ध करने पर अधिवक्ता भड़क गए। जिन्होंने सब रजिस्ट्रार कार्यालय में तालाबंदी कर दी। छह घंटे कार्यालय बंद रहने के बाद शाम पांच बजे खोला गया और गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़े 10 बैनामे कराए गए।
गढ़ नगर में महिला के पति की एक पैतृक दुकान है, लेकिन विवाद के चलते महिला के ससुरालियों ने यथा स्थिति को बनाए रखने के संबंध में न्यायालय से स्टे लिया हुआ है। महिला ने अपने हिस्से की दुकान को बेच दिया है। जिसका बैनामा कराने के लिए महिला अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ बृहस्पतिवार को गढ़ तहसील परिसर में स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में पहुंची। बैनामे की जानकारी मिलते ही महिला के ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। तहसील परिसर में विधवा से उसकी ससुराल पक्ष की महिला ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और दोनों ही महिलाओं के खिलाफ शांतिभंग की धारा के तहत कार्रवाई कर दी।
बैनामा कराने पहुंची महिला के खिलाफ भी कार्रवाई की जानकारी मिलने पर वकील भड़क उठे। बार एसोसिएशन अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा का कहना है कि दुकान पर न्यायालय से यथा स्थिति का आदेश है, विक्रय करने पर कोई रोक नहीं है। वहीं पीड़ित महिला के खिलाफ की गई कार्रवाई भी गलत है। जिसके चलते अधिवक्ताओं ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय में तालाबंदी करते हुए कामकाज बंद कर दिया। शाम पांच बजे तहसीलदार को रजिस्ट्री कार्यालय की चाभी सौंपी गई।
एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी का कहना है कि पांच बजे कार्यालय खोले जाने के बाद गंगा एक्सप्रेस वे से जुड़े 10 बैनामे कराए गए हैं। हंगामें के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नही है।
कोतवाली प्रभारी अजय चौधरी का कहना है कि तहसील परिसर में हंगामा कर रही दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर शांति भंग की धारा के तहत निरुद्ध करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।