पालिका कर्मियों पर पुजारी की पिटाई का आरोप
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट में शनिधाम मंदिर के पुजारी ने पालिका कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए डीएम और एसपी से शिकायत की। लेकिन कार्रवाई न होने पर बुधवार को मंदिर का ताला लगाकर धरने पर बैठ गए।
ब्रजघाट में पलवाड़ा रोड स्थित शनिधाम मंदिर के पुजारी कृष्णकांत भट्ट ने बताया कि मंदिर के नाम की कुछ भूमि गंगा किनारे है। उक्त भूमि पर 22 जून को दो नगर पालिका के कर्मचारी पहुंचे और वहां रखे सामान को तहस नहस कर दिया। जब विरोध किया तो आरोपी कर्मचारी शनिधाम मंदिर से उठाकर पालिका के उप कार्यालय में ले गए। पुजारी ने आरोप लगाया है कि दोनों कर्मचारियों ने कमरे में बंद कर पीटा और गाली-गलौज भी की। वहां से छूट कर शनिधाम मंदिर पहुंचा, जहां परिजनों को घटना से अवगत कराया। जिसके बाद पुजारी ने ब्रजघाट पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई। लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की गई। जिससे नाराज पुजारी ने बुधवार को शनिधाम मंदिर पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। वहीं डीएम और एसपी को शिकायती पत्र दिया है।
एसडीएम अरविंद द्विवेदी का कहना है कि उक्त मामला भूमि विवाद से जुड़ा है, जिसकी लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को भेजकर जांच कराई जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।