बीडीओ धौलाना और एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि
हापुड़। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने 50 लाख से अधिक की परियोजनाओं को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक की। इस दौरान कार्य में लापरवाही बरतने पर बीडीओ और एडीओ पंचायत धौलाना को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए।
देर शाम आयोजित बैठक में मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने यूपीपीसीएल द्वारा बनाए जा रहे एमएसडीपी योजना में राजकीय कॉलेज तथा राजकीय निर्माण निगम द्वारा ट्रॉमा सेंटर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखने के लिए सीएमओ को आदेश दिए। उन्होंने निर्माण संस्थाओं के द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में शिथिलता बरतने पर नाराजगी जताई। सीएनडीएस द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज हुमायूंपुर में बनाया जा रहा है, जिसके खराब गुणवत्ता को लेकर शासकीय धनराशि का दुरुपयोग करने पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष कार्य न करने पर खंड विकास अधिकारी धौलाना निशांत पांडेय और एडीओ पंचायत त्रिभुवन कौशिक के शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं। दोनों के द्वारा विकास कार्यों में शिथिलता बरती जा रही थी। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रधानों व पंचायत सचिवों से समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। जिला पंचायत द्वारा कराए गए सड़क निर्माण में गुणवत्ता की जांच के लिए कमेटी बनाकर निरीक्षण कराने को कहा। बैठक में डीएम अनुज सिंह, सीडीओ उदय कुमार सिंह के अलावा एसपी नीरज कुमार जादौन, एचपीडीए उपाध्यक्ष अर्चना वर्मा, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, एडीएम जय नाथ यादव मौजूद रहे।