हापुड़ जिले की तीनों विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है। तीनों सीटों पर 35 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हुआ है। हापुड़ विधानसभा सीट पर भाजपा आगे चल रही है। भाजपा के विजयपाल इस सीट पर आगे चल रहे हैं। वहीं बसपा प्रत्याशी सिंह मनीष सिंह दूसरे नंबर पर हैं।
मतगणना में कुल 91 राउंड हुए, इसमें धौलाना में 32, हापुड़ में 30 और गढ़ में 29 राउंड में मतगणना हुई। इस दौरान प्रत्येक टेबल पर प्रत्येक प्रत्याशी का एक-एक एजेंट मौजूद था। जबकि प्रत्याशी आरओ टेबल पर मौजूद रहा। नवीन मंडी के गेट नंबर तीन से एजेंट और प्रत्याशियों की एंट्री थी। बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित था।
हापुड़ में निर्वाचन आयोग के आदेश पर मतगणना के लिए जिले मेें तीनों विधानसभा सीटों के लिए प्रेक्षक और लायजन ऑफिसर तैनात किए गए थे। एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के आदेश पर विधानसभा क्षेत्र धौलाना में प्रेक्षक के रूप में अनिरुद्ध राहा, हापुड़ के लिए ए कुमार व गढ़ के लिए डॉ. रंजीत कुमार सिंह का तैनात किया गया था। वहीं इनके साथ लायजन ऑफिसर के रूप में धौलाना के लिए डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर संजीव पाठक, हापुड़ के लिए एआईजी स्टांप अरुण कुमार व गढ़ के लिए उप निबंधक प्रथम हापुड़ हिमांशु चंद्रा का तैनात किया गया था।