हापुड़। लोक निर्माण विभाग 2.36 करोड़ रुपये से आठ मार्गों की मरम्मत कराएगा। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। मरम्मत का कार्य जनवरी माह में शुरू होगा।
विभाग ने नवंबर माह में टेंडर निकाले थे। इसके बाद दिसंबर माह में प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। इन मार्गों की मरम्मत से प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। विभाग द्वारा 32.81 लाख से दोयमी-मुरादपुर-आगापुर मार्ग से पीरनगर सूदना होते हुए हापुड़-किठौर मार्ग, 26.64 लाख से हापुड़-भैटल मार्ग से सलाई मार्ग, 31.87 लाख से रेतोवाली एवं कल्याणवाली मंढैया तक मरम्मत कराई जाएगी।
वहीं, 33.21 लाख से ग्राम वैट के दक्षिण से वैटकुटी मार्ग तक, 29.33 लाख से वीरमपुर मोड से हरोड़ा मार्ग, 24.99 लाख से खिचरा से पूठी मार्ग, 25.24 लाख से गढ़-मेरठ मार्ग से पावटी मार्ग और 32.54 लाख से गढ़ से गढावली मार्ग की मरम्मत कराई जाएगी, इसमें अधिकतर संपर्क मार्ग शामिल हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह का कहना है कि सड़कों की मरम्मत की लंबे समय से ग्रामीण मांग कर रहे थे। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मरम्मत कराकर लोगों को बेहतर सुविधा दी जाएगी।