हापुड़। नगर पालिका ने हजारों भवन स्वामियों को दो गुना गृह, जल और सीवर कर का नोटिस भेजा है। इससे एक नया विवाद खड़ा हो गया है। भवन स्वामी अब टैक्स कम कराने के लिए नोटिस लेकर पालिका कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, जबकि अधिकारियों ने नया टैक्स लागू करते समय लोगों पर अधिक भार न पड़ने का दावा किया था।
पालिका के कर विभाग में करीब 32 हजार आवासीय भवन पंजीकृत हैं। इसके अलावा करीब तीन हजार व्यावसायिक भवन हैं। पालिका पूर्व में इनसे करीब 12 करोड़ रुपये गृह, जल और सीवर कर की वसूली कर रही थी, लेकिन इस साल से टैक्स में वृद्धि की गई है। इसको लेकर पिछले वर्ष लंबे समय तक विवाद भी रहा था। व्यापारिक, सामाजिक संगठनों के साथ सभासदों ने भी पालिका के टैक्स बढ़ाने के फार्मूला पर नाराजगी जताते हुए जून 2024 की नियमावली को लागू करने की मांग की थी। अप्रैल 2025 से लेकर करीब चार महीने तक विवाद हुआ और जून 2024 की नियमावली लागू की गई, लेकिन इस नियमावली के बावजूद लोगों को आवासीय टैक्स में दोगुना तक के नोटिस भेजे जा रहे हैं। आपत्ति के बाद इस नोटिस के साथ प्रार्थना-पत्र लेकर नया स्वकर कर फॉर्म भरकर धनराशि को कम किया जा रहा है, लेकिन इनमें कई प्रकार के आरोप लग रहे हैं। बता दें कि पालिका का नया सॉफ्टवेयर बनने के बाद अब नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस मिलने के बाद लोग पालिका शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
सीन एक : पहले साल में दो हजार करते थे जमा, अब 4160 का आया नोटिस
फोटो 27
नगर के फ्री गंज रोड रघुवीर गंज निवासी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका मकान 30 वर्ष से अधिक पुराना है। पहले वह करीब दो हजार रुपये वार्षिक टैक्स जमा कर रहे थे, अब उनके पास 4160 रुपये नोटिस आया है। छूट के बाद इसे 3796 रुपये बताया गया है। शिकायत के बाद प्रार्थना-पत्र लिया गया और नया फॉर्म भरवाया गया है। अब अधिकारी टैक्स कम करने की बात कह रहे हैं।
सीन दो : टैक्स जमा होने के बाद भी भेजा दोगुना का नोटिस
फोटो 26
मोहल्ला शिवगढ़ी निवासी महेश पाल ने बताया कि वह 14 मई 2025 को 31 मार्च 2026 तक का 371 रुपये का टैक्स जमा कर चुके हैं। इसके बाद भी पालिका से उन्हें 541 रुपये का नोटिस आया है। कर्मचारी ने बताया है कि ऑनलाइन रसीद अभी सॉफ्टवेयर पर अपलोड नहीं हुई है। इस प्रकार से कई लोग बिना वजह परेशान घूम रहे हैं।
इस प्रकार टैक्स लगा रही पालिका
उदाहरण के तौर पर पालिका एक 100 गज के प्लॉट पर टैक्स लगाती है तो 80 गज (कारपेट एरिया) बने हुए भवन के हिस्से पर टैक्स लगाती है। कारपेट एरिया की गुना पालिका के संबंधित क्षेत्र पर लागू मासिक किराया दर और इसकी गुणा 12 से की जाती है। इसका कुल निकलकर आने पर नए नोटिस के अनुसार, इसमें गृह 10, जल 7.5 और सीवर 2.5 प्रतिशत लगाकर टैक्स लिया जा रहा है, जबकि पूर्व में गृह छह, जल 10 और सीवर दो प्रतिशत लिया जाता था। नए नोटिस में पालिका द्वारा पुरानी दरों में पांच पैसे की दर से प्रति वर्ग फीट और जोड़ा जा रहा है। इस कारण लोगों पर टैक्स का अधिक बोझ पड़ रहा है।
कोट -
वर्ष 2013 के बाद अब टैक्स बढ़ाया गया है। बिना पांच पैसे की प्रति वर्ग फीट में बढ़ोतरी किए नया शासनादेश लागू ही नहीं हो सकता था। ऑनलाइन सॉफ्टवेयर से नए नोटिस बनकर निकल रहे हैं, इसमें अधिकारी व कर्मचारी की कोई गलती नहीं है। यदि किसी के पास अधिक के नोटिस पहुंच रहे हैं तो फिर वह शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसकी जांच कराकर नोटिस में संशोधन कराया जा रहा है। - एससी भारतीय, कर निर्धारण अधिकारी, नगर पालिका