पिलखुवा। हाईवे-9 पर जीएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सामने रोड़ी से भरा कैंटर पलट गया। जिसके कारण करीब ढ़ाई घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस और एनएचएआई की कार्यदायी संस्था एप्को चेतक के कर्मियों ने कैंटर को हटवाया और हाईवे पर फैली रोड़ी को साफ कराकर यातायात व्यवस्था को बहाल कराया।
सोमवार करीब 11 बजे गाजियाबाद की तरफ से हापुड़ जा रहा कैंटर डिवाइडर से टकरा गया। टायर फटने के कारण कैंटर हाईवे पर पलट गया। घटना के बाद चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कैंटर में भरी रोड़ी हाईवे पर करीब पांच सौ मीटर तक फैल गई। गाजियाबाद की तरफ से आने वाली साइड में छिजारसी टोल प्लाजा तक वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने छिजारसी चौकी के पास बैरियर लगाकर वाहनों को एलिवेटेड के नीचे से भेजना शुरू किया। वाहनों की अधिकता और चालकों द्वारा गलत दिशा से वाहन निकालने के चक्कर में एलिवेटेड के दोनों तरफ भी जाम लग गया। जिसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत करके जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला। एसएचओ अखिलेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है, टॉयर फटने से कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया है। जिसके कारण कैंटर में भरी रोड़ी हाईवे पर फैल गई। चालक का पता लगाया जा रहा है। अभी तक इस बाबत किसी के द्वारा थाने पर तहरीर नहीं दी गई है।
एंबुलेंस भी जाम में फंसी
जाम में कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ी के अलावा एंबुलेंस भी फंस गई। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण नोएडा एवं गाजियाबाद में रहने वाले अधिकारी सोमवार को ऑफिस जाने को निकले होंगे। लेकिन वह घंटो जाम में फंसे रहे।
स्ट्रीट लाइट का खंभा हुआ क्षतिग्रस्त
एप्को चेतक कंपनी के इंजीनियर प्रिंस कुमार ने बताया कि कैंटर की टक्कर से हाईवे पर लगे एंटी क्लीनर और स्ट्रीट लाइट का खंभा और दो लाइट क्षतिग्रस्त हो गईं। जिनकी अनुमानित लागत करीब 70 से 90 हजार है। एंटी क्लीनर सामने से पड़ने वाली लाइट को रोकने का कार्य करता है।