हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के गांव अकड़ौली के जंगल में स्थित ट्यूबवैल पर एक बुजुर्ग का शव मिला। किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक बुजुर्ग की जेब से एक डायरी बरामद कर शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब सात बजे गांव अकड़ौली के किसानों ने पुलिस को ग्राम प्रधान प्राची सिद्धू के ट्यूबवैल पर एक बुजुर्ग के शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने मृतक की जेब से एक डायरी बरामद की। डायरी में लिखे नंबर के आधार पर मृतक की शिनाख्त जिला मुजफ्फरनगर के थाना रतनपुरी निवासी कुंवरपाल (65) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक मृतक करीब पांच दिनों से घर से लापता था। वहीं, शव के पास सल्फास की डिब्बी, माचिस व कुछ रुपये बरामद हुए हैं। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया बुजुर्ग द्वारा सल्फास खाने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक के परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच कर रही है।