गढ़मुक्तेश्वर। नगर स्थित स्टेट बैंक शाखा के एटीएम में शातिर ठग ने एक व्यक्ति की मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर 85 हजार रुपये खाते से साफ कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उपाध्याय नगर में जैन गली के पास रहने वाले जलालुद्दीन ने बताया कि शनिवार की दोपहर को वह चौपला पर स्थित स्टेट बैंक शाखा के एटीएम बूथ से 20 हजार रुपये निकालने के लिए गया था। एटीएम से नकदी निकलने में दिक्कत हुई तो, पास खड़े व्यक्ति ने मदद की बात कही। उसकी बातों में आकर जलालुद्दीन ने कार्ड थमा दिया और पैसे निकालने के लिए कहा। नकदी न निकलने पर आरोपी वहां से चला गया। पीड़ित ने बताया कि थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल पर 85 हजार रुपये निकलने का संदेश प्राप्त हुआ। वापस एटीएम बूथ पर गया तो वहां पर व्यक्ति नहीं मिला। वहीं पीड़ित ने बताया कि शातिर ठग कार्ड भी बदल कर ले गया है। दो बार में खाते से कुल 85 हजार रुपये की रकम निकाली गई है। इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह का कहना है कि संबंधित मामले में जांच कराई जा रही है सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तलाश जारी है, जल्द ही ठगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।