ढाबे पर खाना खाने के दौरान हुए विवाद में सोमवार को तीन युवकों ने बस चालक और परिचालक के साथ मारपीट की। इससे वह घायल हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में हापुड़ के लिए रेफर कर दिया गया है। चालक के भाई ने तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी निवासी शकील अहमद ने सोमवार को सिंभावली थाने में तहरीर दी है। उसने बताया कि उसका भाई कंवर अली मुरादाबाद-दिल्ली रूट पर चलने वाली प्राइवेट बस चलाता है।
वह सोमवार को परिचालक अफसर निवासी अठसैनी के साथ दिल्ली से सवारी लेकर मुरादाबाद जा रहा था। रास्ते में वह सिंभावली के गांव खुड़लिया के निकट नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुका।
यहां किसी बात को लेकर उसका गांव टोडरपुर निवासी दिलशाद, शाकिर और रिजवान के से विवाद हो गया। इसके बाद तीनों युवकों ने कंवर अली और परिचालक अफसर पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों और यात्रियों ने किसी तरह उन्हें बचाकर सिंभावली पीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताकर उन्हें हापुड़ के लिए रेफर कर दिया है।
पीड़ित ने आरोपियों को नामजद करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसओ दीक्षित त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।