पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती से पड़ोसी युवक ने रेप किया। युवक ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर रेप किया और अश्लील वीडियो व फोटो ले लिए। इसके बाद क्लिपिंग और फोटो से ब्लैकमेल कर कई बार रेप किया।
आरोप है कि जब युवती ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट की तो युवक ने युवती के परिजनों पर ही झूठी एफआईआर दर्ज करवा दी। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में शिकायत की है। एसपी कार्यालय में युवती ने बताया कि वह दिल्ली की एक कंपनी में जॉब करती है।
पड़ोस का युवक नवंबर 2015 में उसे वैशाली मेट्रो स्टेशन पर मिला। वह उसके साथ कार में बैठकर घर आ गई। जनवरी 2016 में वह पिलखुवा बस स्टैंड पर दिल्ली जाने के लिए खड़ी थी। तभी युवक आया और उसे मेट्रो स्टेशन छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया।
युवती का आरोप है कि युवक ने कार में रखी कोल्ड ड्रिंक उसे पिलाई, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। युवक ने उसके साथ गाजियाबाद ले जाकर रेप किया। आरोपी युवक ने उसकी अश्लील क्लिपिंग भी बनाई और फोटो भी खींच लिए थे। होश आने पर शोर मचाने की कोशिश की तो युवक क्लिप और फोटो दिखाकर धमकाया।
युवती का आरोप है कि युवक ने वीडियो और फोटो की धमकी देकर कई बार उससे रेप किया। पीड़िता ने बताया कि उसने मामले में रिपोर्ट पिलखुवा कोतवाली में लिखाई थी। आरोपी युवक ने अपनी परिचित एक महिला के साथ मिलकर उसके पिता और उसके भाई के खिलाफ रेप करने और मारपीट का मामला दर्ज करा दिया। जो पूरी तरह से फर्जी है।