गढ़ कोतवाली क्षेत्र के अठसैनी गांव में अपनी मां और बेटी के साथ शौच जा रही महिला को कार सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर अगवा कर लिया। पीड़िता की मां ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोली चली दी।
गनीमत रही बदमाशों का निशाना चूक गया। थाने में तहरीर देने के बाद भी जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो बुधवार को परिजनों ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। अठसैनी गांव निवासी सोहनपाल सिंह दिल्ली में हेयर कटिंग सैलून चलाते हैं।
23 जुलाई को उसकी सास सावन माह का सिंदारा देने के लिए आई थी। 24 जुलाई की सुबह सोहनपाल की पत्नी रूबी, अपने डेढ़ वर्षीय बेटी जिया और मां के साथ खेत में शौच करने के लिए जा रही थी। तभी वैन सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर रूबी को अगवा कर लिया।
रूबी की मां ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी। शोर मचाते हुए उसकी सास गांव में पहुंची। अपनी पत्नी के अपहरण की सूचना मिलने पर सोहनपाल भी दिल्ली से गांव पहुंच गया।
इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ गढ़ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बुधवार को पीड़ित सोहनपाल अपने परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और पत्नी की हत्या किए जाने की आशंका जताकर उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। एसपी अलंकृता सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गढ़ पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के आदेश दिए हैं।