बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी महिला की शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ के सेवन करने से मौत हो गई। महिला के भाई ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाकर जीजा और उसके माता-पिता के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी कुलदीप की पत्नी शशि (27) रात करीब पौने 11 बजे जहर खाने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उल्टी होने पर उसे परिजन आननफानन में नर्सिंग होम में ले गए।
वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव चंद्रावली से शशि के परिजन भी पहुंच गए, जो दहेज की मांग पूरी न होने पर साजिश के तहत जहर देकर शशि की हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे।
ग्रामीणों की सूचना पर सीओ सतीश चंद्र पांडेय और नायब तहसीलदार एके शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद मायके वाले शव को घर ले जाने की जिद करने लगे, जिसे लेकर मॉर्चरी पर खूब हंगामा किया।
बाद में मायके वाले शव ले गए। हालांकि शशि के दो बेटे और एक बेटी फिलहाल पिता के ही घर हैं। एसओ विनय कुमार आजाद ने बताया कि मृतका शशि के भाई बब्ली की तहरीर पर पति कुलदीप, ससुर राजू और सास भोली के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।