बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बनखंडा के पास बुधवार की सुबह तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई। परिजनों ने शिनाख्त करने के बाद बिना कार्रवाई के शव अपनी सुपुर्दगी में ले लिया।
बुधवार सुबह बीबीनगर की ओर से आ रहे बाइक सवार युवक को गांव बनखंडा के पास तेज रफ्तार से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मृत युवक बीबीनगर के गांव चिवड़ा का रहने वाला था।
परिजनों ने अस्पताल से बिना पुलिस कार्रवाई के शव अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। उधर, इलाकाई लोगों का कहना है कि गांव बनखंडा के पास वाहन फर्राटा भरते हुए निकलते हैं। इसके चलते आए दिन यहां कोई न कोई सड़क हादसा होता रहता है।
हादसों पर काबू के लिए इस मार्ग पर गतिअवरोधक बनना जरूरी है। जल्द ही यहां के लोग प्रशासन के बड़े अफसरों से मिलकर इस बाबत मांग करेंगे।