माता के मठ का स्थान बदलने पर हुए झगड़े में पांच लोग घायल
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के भोवापुर गांव में मंगलवार देर शाम माता के मठ का स्थान बदलने पर दो पक्षों में बवाल हो गया था। इस दौरान दोनों ओर से हुए पथराव में प्रधान सहित पांच लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह हालात को संभाला। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी थी।
बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों पर पुलिस ने एससी एक्ट की धाराएं भी लगाई है। दरअसल, भोवापुर गांव में रिलायंस रोड पर माता का मठ है। करीब पचास साल से लोग यहां पूजा अर्चना करते आ रहे हैं।
मंगलवार शाम एक पक्ष ने माता के मठ का स्थान बदलने की कोशिश की तो लोग भड़क गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लात-घूसे चले और फिर पथराव हुआ। इसमें एक पक्ष की ओर से ग्राम प्रधान राजकुमार और दूसरे पक्ष के हरीशचंद, कृष्ण गिरि, मंजीत गिरि और सत्तन गिरि घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात संभाला था। ग्राम प्रधान ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई थी। अब इस मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर पर ललित, सोनू, प्रवेश निवासी भोवापुर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस ने तीनों लोगों के खिलाफ एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं। कोतवाल यशवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है। जल्द तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।