तीन बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया
- फोटो : अमर उजाला
सिंभावली थाने की पुलिस व स्वाट टीम ने शुक्रवार की रात हरोड़ा मोड़ पर एक निर्माणाधीन मकान में लूट की योजना बना रहे तीन बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। बदमाशों का एक साथी फरार हो गया है।
पकड़े बदमाशों के पास से लूट की दो बाइक, तीन तमंचे व कारतूस बरामद किया गया है। इन पर विभिन्न थानों में हत्या और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक राम नयन यादव ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार की रात सिंभावली एसओ नरेंद्र कुमार शर्मा व स्वाट टीम प्रभारी संजय त्यागी को सूचना मिली कि हरोड़ा मोड़ पर एक निर्माणाधीन मकान में कुछ बदमाश किसी वारदात की योजना बना रहे हैं।
पुलिस के पहुंचने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी है। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को दबोच लिया। एक मौके से फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों में प्रदीप उर्फ मिंटू निवासी छुछाई थाना किठौर जिला मेरठ,
संदीप गुर्जर निवासी सुकलमपुरा थाना सिंभावली, तेज सिंह निवासी कूडी खेड़ा थाना बादलपुर जिला गौतमबुद्धनगर हैं। इन बदमाशों ने फरार होने वाले साथी का नाम मोहित निवासी सादुल्लापुर थाना किठौर बताया।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने एक बाइक 25 मई को सिंभावली के नवादा नहर पुलिया से लूटी थी। इसके अलावा एक बाइक को किठौर से लूटी है। बदमाशों के पास से लूटी गई दोनों बाइकों के अलावा, तीन तमंचे व कारतूस भी बरामद हुए हैं।