बाइक मैकेनिक के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात से कुछ घंटे पहले ही गृहस्वामी को हार्टअटैक आया था, जिस कारण पूरा परिवार नगर के एक अस्पताल में था। पीड़ित परिवार को मामले की जानकारी शनिवार सुबह हुई।
वैशाली कॉलोनी निवासी नितिन वर्मा गुलावठी में बाइक मैकेनिक का काम करता है। शुक्रवार सुबह नितिन को दिल का दौरा पड़ गया था। इलाज के लिए परिजनों ने उसे नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। इस दौरान घर पर ताला लगा हुआ था।
देर रात किसी समय चोर मकान के ताले तोड़ अंदर घुस गए और सोने की दो अंगूठी, सोने के सेट, सोने की चार चूड़ियां और करीब 30 हजार रुपये चुरा ले गए। शनिवार सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस की गश्त न होने के कारण इस तरह की वारदातें हो रही हैं। पीड़ित परिवार ने देहात थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसओ देहात दीक्षित त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।