बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर व बनखंडा के जंगल से चोरों ने रविवार की रात आधा दर्जन नलकूप से मोटर चोरी कर लिए। इसके विरोध में रसूलपुर के ग्रामीणों ने चार दिन में चोरी का खुलासा नहीं होने पर थाने पर धरने की चेतावनी दी है।
पिछले करीब एक माह से क्षेत्र में मोटर चोरों का आतंक बढ़ गया है। पुलिस की गश्त के बाद भी चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। रविवार रात चोरों ने रसूलपुर के जंगल से भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष धनवीर शास्त्री,
अमरजीत व सुभाष के ट्यूबवेल से मोटर चोरी कर लिए। वहीं दूसरी ओर बनखंड़ा के जंगल से अनिल त्यागी, वेदप्रकाश व राजेंद्र के ट्यूबवेल से मोटर चोरी कर ले गए। सुबह के समय जंगल पहुंचने पर पीड़ित किसानों को चोरी की जानकारी हुई।
इस संबंध में पीड़ित किसानों ने थाने में तहरीर दी है। एसओ बाबूगढ़ यतेंद्र कुमार का कहना है चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।