घर से खाना खाकर घेर में सोने गये युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में नंदपुर-धौलाना मार्ग स्थित निर्माणाधीन बिजलीघर के पास सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। यह परिजनों के गले नहीं उतर रही है।
हत्या की आशंका जताते हुए परिजनों ने पुलिस से खुलासा करने की गुहार लगाई। मृतक के भाई विपिन ने बताया कि बीती रात उसका भाई सचिन 24 वर्ष धौलाना बस स्टैंड से अपनी बाइक से घर पहुंचा।
दोनों भाईयों ने साथ खाना खाया और करीब 10:30 बजे वह घर से थोडी दूर घेर में सोने चला गया। सुबह तीन-चार बजे सूचना मिली कि सचिन का नंदपुर-धौलाना मार्ग स्थित निर्माणाधीन बिजलीघर के पास एक्सीडेंट हो गया है।
थाना प्रभारी संजीव शुक्ला ने बताया कि रात जब पुलिस गश्त कर रही थी, तो नंदपुर-धौलाना मार्ग स्थित निर्माणाधीन बिजलीघर के पास सड़क के किनारे वह बाइक के नीचे दबा मिला।
घायल युवक से पूछा तो उसने अपना नाम सिवाया निवासी सचिन पुत्र किरण पाल सिंह बताया। पुलिस ने गांव में सूचना दी और घायल युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में हालत गम्भीर होने पर परिजन उसको उपचार के गाजियाबाद निजी अस्पताल में ले गए। जहां उसने दम तोड़ दिया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता किरण पाल सिंह दरोगा मुजफ्फरनगर जिले में तैनात हैं। सड़क दुर्घटना के दौरान हुई सचिन की मौत किसी के गले नहीं उतर रही है।