रस्सी से युवती का गला घोटकर हत्या करने के बाद मंगलवार रात शव को ब्रजघाट-पलवाड़ा रोड पर फेंक दिया। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव अर्द्धनग्न मिलने से रेप के बाद हत्या की आशंका है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस मृतका की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। ब्रजघाट-पलवाड़ा मार्ग पर रात में ज्यादा आवागमन नहीं होता है। सुनसान होने के चलते अपराधी अक्सर वारदात करके सुरक्षित निकल जाते हैं।
मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे एक राहगीर ब्रजघाट-पलवाड़ा रोड से जा रहा था। उसने गांव बलवापुर और पलवाड़ा के बीच बंद पड़ी मुर्गीदाना फैक्ट्री के पास सड़क किनारे एक युवती अचेत बेहोश पड़ी देखी। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने पहुंचकर जांच की तो युवती मृत हालत में थी। पास में ही उसकी सलवार और एक रस्सी पड़ी थी। युवती का गला रस्सी से घोटा गया था। आसपास के गांवों से आए लोग शव की शिनाख्त नहीं कर सके।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका काले रंग की सफेद छींटदार कमीज पहने हुए थी। उस पर खून लगा था। मृतका के एक हाथ में लगी चोट पर सफेद पट्टी बंधी थी। युवती का शव मिलने की खबर पर गढ़ और बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गईं।
दोनों थानों की पुलिस शव को एक-दूसरे की सीमा में होने की बात कहने लगीं। इस दौरान सीओ सतीश चंद्र पांडेय वहां पहुंच गए। उनके निर्देश पर बहादुरगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया।
अज्ञात युवती का अर्द्धनग्न शव मिलने से आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई है। जंगल में काम करने वाली महिलाओं दहशत व्याप्त हो गई है। एसओ विनय कुमार आजाद का कहना है कि युवती के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसे पोस्टमार्टम को भेजकर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।