गढ़ रोड स्थित रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर में लगी लोहे की एंगल से टकराने पर बाइक सवार सिपाही की मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कंकरखेड़ा मेरठ निवासी प्रवीन पुत्र सहीराम वर्ष 2008 में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। वर्तमान में उसकी तैनाती हापुड़ एसओजी में थी। मंगलवार को उसे जनपद अमरोहा में चुनाव डयूटी में जाना था।
सोमवार रात वह किसी काम से बाइक से गढ़ रोड पर जा रहा था। जैसे ही वह रेलवे फाटक के निकट पहुंचा, तो निर्माणधीन ओवर ब्रिज के समीप बड़े वाहन रोकने के लिए लगाई गई लोहे की एंगल से टकरा गया। जिसमें प्रवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी।
साथ ही उसे पास के देवनंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक प्रवीन की शादी तय हो चुकी थी। उसकी 12 फरवरी को ही हापुड़ में गोद भराई की रस्म की गई थी। जल्द ही शादी की तिथि तय होनी थी। थाना देहात प्रभारी सुधीर कुमार का कहना है कि घटना दुखद है। अचानक बाइक टकराने से उसकी मौत हो गई है।
निर्माणधीन ओवर ब्रिज की एंगल से टकराकर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। चार माह पूर्व वरिष्ठ पत्रकार ताराचंद डाबर के सिर में भी एंगल लग गई थी। जिसमें वह चोटिल हो गए थे। इसके बाद भी सेतु निगम इस ओर ध्यान देना उचित नहीं समझता है।
घटना के बाद से स्थानीय पुलिस अधिकारी नींद से जागे। जिसके चलते उन्होंने लोहे की एंगल पर संकेतक के तौर पर रेडियम टेप लगा दी है। जिससे वाहनों पर आने वाले लोगों को लोहे की एंगल दिखाई दे सके।