मारपीट में दो महिलाओं समेत पांच घायल
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के भोवापुर गांव में बुधवार सुबह पारिवारिक झगड़े में बीच-बचाव करने पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी-रॉड चल गए। इस मारपीट में दो महिलाएं सहित एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल करा दिया है।
मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। बुधवार सुबह भोवापुर गांव में एक ही परिवार के दीपक और अंकित में कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान गांव का ही अनिल बीच-बचाव करने लगा। इसपर दोनों की अनिल से कहासुनी हो गई।
बात बढ़ने पर दीपक और अंकित पक्ष के लोग एकजुट होकर अनिल पक्ष के लोगों से उलझ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी और रॉड चले। मारपीट में अनिल पक्ष की तरफ से अनिल, भाई कुलदीप, सुबोध, भाभी कांता, बहन अंजू घायल हो गईं।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में लिया। इस संबंध में अनिल ने छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
कोतवाल यशवीर सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल करा दिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।