थाना हाफिजपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान नोएडा से लूटे गए एक ट्रक के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों से लूटी हुई नकदी, एक तमंचा और दो चाकू बरामद किए हैं। पुलिस बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड खंगालने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, हाफिजपुर थानाध्यक्ष नरेश सिंह पुलिस टीम के साथ बुलंदशहर रोड पर बाईपास स्थित पैट्रोल पंप के पास वाहन की चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रोककर जांच के लिए कागज मांगे।
कागज नहीं दिखाने पर पुलिस ट्रक समेत उसमें सवार लोगों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह ट्रक 31 अक्तूबर 2016 को नोएडा से लूटा था और चालक को हाफिजपुर क्षेत्र के गांव मोड़ी के पास जंगल में फेंककर भाग गए थे।
इसे बेचने के लिए वह मेरठ जा रहे थे। इससे पूर्व भी उन्होंने मसूरी के गांव खिचरा से एक ट्रक चोरी किया था। पकडे़ गए आरोपियों ने अपने नाम विक्रम निवासी बिसाहड़ा नोएडा, सलमान, महेश और प्रेमवीर निवासी पटाड़ी थाना जारचा, नोएडा बताया है।
पुलिस ने उनसे एक तमंचे, दो चाकू, 3500 रुपये और ट्रक चालक का मोबाइल बरामद किया है। उधर, थानाध्यक्ष नरेश कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों ने दो घटनाओं को स्वीकार किया है। इसके अलावा भी कई घटनाओं को अंजाम दिया है। उनके किसी गैंग से जुड़े होने की जानकारी की जा रही है।