मामूली विवाद में पड़ोसियों ने युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। वहीं, पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है। सिंभावली के गांव रतूपुरा निवासी इस्लाम का पड़ोस में रहने वाले लोगों से काफी समय से विवाद चल रहा है।
बृहस्पतिवार को एक बार फिर पड़ोसियों से उसकी कहासुनी हो गई, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों का बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
इस्लाम का आरोप है कि इसके बावजूद पड़ोसियों ने घर में घुसकर तमंचे से उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को पीएचसी में भर्ती कराया।
जहां गंभीर हालत में चिकित्सकों ने उसे हापुड़ के लिए रेफर कर दिया है। वहीं, एसओ विजय बहादुर ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।