सिंभावली में पूर्व सपा युवजन सभा के जिला उपाध्यक्ष के भाई इमरान अली को गोली मारने के मारने के मामले में बसपा नेता समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हमले के विरोध और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर लोगों ने बृहस्पतिवार को सिंभावली थाने का घेराव कर हंगामा किया। ज्ञात हो कि बुधवार शाम पूर्व सयुस जिला उपाध्यक्ष कुंवर खुशनूद का छोटा भाई इमरान अली सिंभावली के हिम्मतपुर रोड स्थित अपने मेडिकल स्टोर पर बैठा था।
तभी दवा खरीदने का बहाना बनाकर कार और बाइक पर आए लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इमरान के पेट और पीठ में तीन गोलियां लगी थीं और उसे मरा समझकर हमलावर भाग गए थे। इमरान को मेरठ रेफर किया गया था, जहां उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
सपा नेता कुंवर खुशनूद ने अपने भाई पर जानलेवा हमला करने के आरोप में बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर हाजी सबील, उसके एबीआरसी भाई शकील, सिंचाई विभाग कर्मी हसीन, भतीजे कोकब समेत दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
उसका आरोप है कि उधार में दी गई रकम वापिस मांगने पर भाई पर हमला किया गया है। वहीं बसपा नेता हाजी सबील ने ये आरोप निराधार और राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सिंभावली थाने का घेराव कर हंगामा किया। डीएसपी एसपी दूबे ने भरोसा दिलाया कि नामजद आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।