गिरिपार क्षेत्र के कोटी धीमान में शराब ठेके के विरोध में पिछले 15 दिनों से चला आ रहा महिलाओं का संघर्ष रंग लाया। जिला प्रशासन ने शराब ठेके को बंद करने का निर्णय लिया। वीरवार को ठेके से शराब का स्टॉकभी उठा लिया गया। इसके लिए महिलाओं ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि कोटी धीमान में शराब ठेका न खोलने की मांग को लेकर महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल पिछले दिनों उपायुक्त से मिला था। ठेकेदार ने शराब को गांव तक पहुंचा दिया था। इसका महिलाओं ने विरोध किया और ठेके के बाहर सख्त पहरा देते हुए ठेके को नहीं खुलने दिया।
वीरवार को ठेकेदार की ओर से शराब की खेप को वापस उठाने के बाद महिलाओं का विरोध भी शांत हो गया। इस मौके पर कोटी धीमान पंचायत के पूर्व प्रधान एवं ब्लॉक कांग्रेस के महासचिव मित्र सिंह तोमर, पूर्व प्रधान वीर सिंह सहित महिला मंडल प्रधान क्यासो देवी, कांता देवी, राम देवी व कमला देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने बताया कि उन्होंने शराब ठेका खोलने का विरोध किया था। इसमें महिलाओं की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं भविष्य में भी शराब ठेके को सहन नहीं करेंगी।