कोतवाली क्षेत्र के एक मेडिकल कालेज में बुधवार शाम कमेंट करने पर जूनियर और सीनियर्स छात्र के गुट आपस में भिड़ गए। इससे छात्रों के दोनों गुटों में मारपीट हो गई। इसमें पांच छात्र मामूली रुप से घायल हो गए।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और मेडिकल कालेज प्रबंधन ने छात्रों को डांट फटकार कर मामले को शांत करा दिया। बुधवार शाम कोतवाली क्षेत्र के एक मेडिकल कालेज में सीनियर छात्रों के गुट ने जूनियर छात्र पर कमेंट कर दी तो दोनों में कहासुनी हो गई।
इस दौरान जूनियर और सीनियर छात्र आमने सामने आ गए और दोनों में जमकर लात घूसे चले। मारपीट में दोनों गुटों के पांच छात्र घायल हो गए। मारपीट होते ही पूरे कालेज में शोर मच गया।
छात्रों की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों के छात्रों को समझाया। मेडिकल कालेज प्रबंधन ने भी मारपीट करने वाले छात्रों को पुलिस की मौजूदगी में जमकर डांटा और भविष्य में लड़ाई नहीं करने की चेतावनी दी।
कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि कमेंट करने पर जूनियर और सीनियर छात्रों में मारपीट हो गई थी। इसमें कुछ छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। मेडिकल कालेज प्रबंधन ने छात्रों के भविष्य को देखते हुए छात्रों को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।
उधर, मेडिकल कालेज के अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि छात्रों में आपस में किसी विवाद को लेकर मारपीट हो गई थी। छात्रों को समझा दिया गया है।