बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर रोड चौपला से आगे दिल्ली से बरेली जा रहे एक कार सवार युवक से तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार और नगदी लूट ली। शनिवार को दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया।
पीड़ित ने तहरीर देकर बदमाशों को पकड़ने की मांग की है। बरेली के ग्रीन पार्क का अयान राजा शनिवार को दिल्ली किसी काम से गया था। दोपहर बाद वह कार से बरेली लौट रहा था।
जब वह कुचेसर रोड चौपला से थोड़ा आगे पहुंचा तो तीन बदमाशों ने कार को रोक लिया। इससे पहले कि अयान कुछ समझ पाता बदमाशों के हथियारों के बल पर उससे 65 सौ रुपये, घड़ी, चश्मा और कार की चाभी छीन ली।
अयान ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मारने की धमकी दी और कार लेकर चले गए। बदमाशों के जाने पर पीड़ित बाबूगढ़ थाने पहुंचा और वारदात की सूचना दी।
एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश में टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।