शहर के लिए सिरदर्द बन चुके जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन प्रभावी रणनीति बना रहा है। विभिन्न विभागों के साथ सामंजस्य बनाकर जाम से निजात पाने का प्रयास किया जा रहा है।
शहर में जाम की समस्या से लोगों को आए दिन जूझना पड़ता है। भीषण गर्मी में जाम में फंसकर लोग परेशान होते हैं। कई बार नागरिकों ने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए अब उठाए जाएंगे। सबसे पहले चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। चौराहों के पास 50 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार को होर्डिंग और बैनर नहीं लगाया जाएगा। आम तौर पर होर्डिंग लगने पर उसके नीचे ठेले खड़े हो जाते हैं। जिससे जाम की समस्या पैदा होती है।
डीएम ने बताया कि इस संबंध में लोकनिर्माण विभाग, प्राधिकरण, पुलिस, पालिका परिषद के अधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी। सभी विभाग आपस में सामंजस्य बनाकर जाम की समस्या से निजात दिलाने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा जाम का कारण बनने वाले अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण से निजात के बाद ही शहर को जाम मुक्त किया जा सकता है।