थाना हाफिजपुर क्षेत्र के अंतर्गत हरसिंहपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा बनाते समय बुधवार सुबह एक मकान में विस्फोट होने से पूरा गांव दहल गया। विस्फोट से एक वृद्धा की मौत हो गई जबकि पांच मकान मलबे में तब्दील हो गए।
हादसे में एक वृद्ध भी गंभीर रूप से घायल है। डीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हरसिंहपुर गांव निवासी 60 वर्षीय फूलसिंह अवैध रूप से पटाखा बनाकर शादी ब्याह में आतिशबाजी करने का कार्य करता है।
वह हापुड़ के मेरठ रोड स्थित एक पटाखा बनाने की फैक्ट्री से कच्चा माल लेकर जाता था। बुधवार सुबह लगभग दस बजे वह पटाखा बना रहा था, तभी पड़ोस की एक वृद्धा कश्मीरी उससे उधार दिए गए रुपये वापस लेने पहुंची।
इसी बीच कश्मीरी ने बीड़ी जलाकर माचिस की जलती हुई तीली फेंक दी, इससे वहां आग लग गई। देखते ही देखते पटाखों में तेज धमाका हुआ। इससे फूलसिंह और कश्मीरी ध्वस्त मकान के मलबे में दब गए। धमाके से पड़ोस के कुंवरपाल, समय सिंह, बलबीर और रमेश के मकान भी गिर गए।
तेज आवाज के साथ विस्फोट होने से आसपास के मकान में मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। चारों ओर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने दोनों वृद्धों को मलबे से बाहर निकाला।
सूचना पर फायरब्रिगेड और एडिशनल एसपी रामनयन यादव पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल भिजवाया। कश्मीरी ने उपचार के दौरान एक मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एएसपी रामनयन यादव ने बताया कि अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। विस्फोट में एक वृद्धा की मौत हो गई है।
पुलिस ने कच्चा माल सप्लाई करने के आरोपी अतुल, उसके भाई विनोद, सुनील व फूलसिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। डीएम कृष्णा करुणेश ने जांच के आदेश दिए हैं।